सुनील पाठक , गोरखपुर
गोरखपुर : 20 / जून / 2026 : चिकित्सा क्षेत्र में गोरखपुर ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। पूर्वांचल ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश में पहली बार बिना सीमेंट तकनीक से घुटना प्रत्यारोपण (नी रिप्लेसमेंट) का सफल प्रयास किया गया है। यह ऑपरेशन हड्डी एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. वत्सल खेतान द्वारा नांगलिया हॉस्पिटल में किया गया।
जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय युवक का घुटना गंभीर चोट के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। घुटना जाम हो जाने से उसे चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी। जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉ. वत्सल खेतान ने मरीज को घुटना प्रत्यारोपण की सलाह दी। साथ ही उन्होंने बिना सीमेंट तकनीक से घुटना प्रत्यारोपण की नई विधि के बारे में जानकारी दी, जिसे अपनाने के लिए मरीज ने सहमति दी।

सभी आवश्यक चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नांगलिया हॉस्पिटल में ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में इस तकनीक से किया गया यह पहला घुटना प्रत्यारोपण है।
डॉ. वत्सल खेतान ने बताया कि बिना सीमेंट के घुटना प्रत्यारोपण की यह तकनीक भविष्य में मरीजों के लिए अधिक लाभकारी साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि यह विधि व्यापक रूप से सफल होती है तो इससे घुटना प्रत्यारोपण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी और ऑपरेशन का खर्च भी कम हो सकेगा।
चिकित्सा विशेषज्ञों का मानना है कि इस नई तकनीक के सफल परिणाम आने पर घुटना प्रत्यारोपण के क्षेत्र में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकती है, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










