खुर्जा : 7 / जुलाई / 2026 : नगर पालिका परिषद खुर्जा ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में जंक्शन रोड पर डस्ट मिटिगेशन (धूल नियंत्रण) योजना के तहत कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया। पंचवटी कॉलोनी के समीप आयोजित कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष अंजना भगवान दास सिंघल, अधिशासी अधिकारी अनवर हुसैन और विभागीय अधिकारियों ने फीता काटकर कार्यों की शुरुआत की।
योजना के तहत जंक्शन रोड पर विभिन्न स्थानों पर इंटरलॉकिंग फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। रजवाहे से पंचवटी कॉलोनी गेट, पंचवटी कॉलोनी से सावित्री देवी स्कूल और आयरन स्टील की दुकान से एनआरईसी मैदान तक कच्चे हिस्सों को पक्का कर एंड-टू-एंड फुटपाथ विकसित किए जाएंगे, जिससे धूल उड़ने की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके।
इसके अलावा सड़क किनारे व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इन विकास कार्यों का उद्देश्य राहगीरों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, प्रदूषण कम करना और जंक्शन रोड की सुंदरता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन शर्मा, समाजसेवी राम दिवाकर, पुनीत साहनी, सभासद मदन लाल जुनेजा, देश दीपक राणा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने नगर पालिका की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि कार्य पूरे होने के बाद जंक्शन रोड पर धूल की समस्या से काफी राहत मिलेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










