Home » उत्तर प्रदेश » आत्मदाह की चेतावनी के बाद हरकत में आया प्रशासन, चयन प्रक्रिया की जांच शुरू

आत्मदाह की चेतावनी के बाद हरकत में आया प्रशासन, चयन प्रक्रिया की जांच शुरू

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

हाटा (कुशीनगर)  : 31 / जुलाई / 2026 :   आंगनबाड़ी सहायिका चयन को लेकर विवाद के बीच जिलाधिकारी कार्यालय पर आत्मदाह की चेतावनी देने वाली चीउटहा गांव निवासी सत्य सुधा के मामले में प्रशासन की सक्रियता से संभावित अनहोनी टल गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने शिकायत की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सत्य सुधा ने 28 जुलाई 2026 को आंगनबाड़ी सहायिका चयन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष आत्मदाह की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासन सतर्क हो गया और स्थानीय पुलिस व संबंधित अधिकारियों ने लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी।

मंगलवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार दुबे विभागीय अधिकारियों के साथ चीउटहा गांव पहुंचे और शिकायतकर्ता सहित दोनों पक्षों से बातचीत की। उन्होंने चयन प्रक्रिया से जुड़े अभिलेखों की जांच की तथा आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी भी उपलब्ध कराई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चयन सत्य सुधा का होना प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि मामले में कुछ अभिलेखों और दस्तावेजों को लेकर विसंगतियां सामने आई हैं, जिनकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। राशन कार्ड से नाम हटने और कुटुंब रजिस्टर में कथित गड़बड़ी के संबंध में भी संबंधित विभागों से जांच कराने की बात कही गई।

उन्होंने बताया कि मौके पर परिवार की स्थिति का निरीक्षण किया गया, जिसमें अलग-अलग चूल्हे पर भोजन बनने और अलग आवासीय व्यवस्था होने की जानकारी मिली। जांच रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही परिवार की अन्य मूलभूत समस्याओं, जैसे आवास एवं पेयजल सुविधा, से भी प्रशासन को अवगत कराया जाएगा।

शिकायतकर्ता सत्य सुधा ने बताया कि वह प्रशासन की कार्रवाई का एक सप्ताह तक इंतजार करेंगी। वहीं प्रशासन की समय पर की गई पहल और अधिकारियों की सक्रियता से संभावित अप्रिय घटना टल गई।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment