खुर्जा : 19 / नवंबर / 2026 : खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव नगला चीती में प्लॉट और पारिवारिक बंटवारे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव निवासी सोनू पुत्र सुभाष सिंह ने अपने ही परिवार के लोगों पर गाली-गलौज करने, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना खुर्जा देहात में तहरीर दी है।
पीड़ित के अनुसार 18 नवंबर की शाम करीब पांच बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर आपसी बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव निवासी गोविन्द पुत्र शीशपाल वहां पहुंचा और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगा। पीड़ित ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और अभद्रता करने लगा।
आरोप है कि 19 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे गोविन्द अपने दो पुत्रों के साथ हाथों में लोहे की रॉड और लाठी-डंडे लेकर पीड़ित के घर पहुंच गया। वहां पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि सोनू कहां है, आज उसे जान से मार देंगे। शोर सुनकर पीड़ित की मां प्रेमवती, पत्नी पंकज देवी और पुत्री कोमल बाहर आईं तो आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने गांव छोड़कर जाने की धमकी भी दी। घटना के समय सोनू घर पर मौजूद नहीं था। उसकी पत्नी ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने अपनी शिकायत के समर्थन में घटना से संबंधित वीडियो होने की बात भी कही है।
इस संबंध में थाना खुर्जा देहात प्रभारी भुवनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और तहरीर प्राप्त हो गई है। प्रथम दृष्टया मामला गाली-गलौज का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










