गाजियाबाद : 19 / नवंबर / 2026 : बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जनपद में 22 नवंबर को पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। अभियान के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने के लिए गुरुवार को घंटाघर स्थित सुल्लामल रामलीला मैदान से विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 450 से 500 लोगों ने सहभागिता की। रैली के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को पोलियो की गंभीरता और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल ने कहा कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना बेहद जरूरी है। पोलियो संक्रमण बच्चों के जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकता है और उन्हें स्थायी दिव्यांगता का शिकार बना सकता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे किसी भी परिस्थिति में अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने से न चूकें।
उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ आमजन का सहयोग भी आवश्यक है। जब प्रत्येक परिवार अपने बच्चों को निर्धारित समय पर पोलियो की खुराक दिलाएगा, तभी अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सकेगा। रैली घंटाघर से जीटी रोड के रास्ते एमएमजी जिला चिकित्सालय पहुंची।

इसमें 47वीं बटालियन पीएसी, नागरिक सुरक्षा, विश्व स्वास्थ्य संगठन, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम, गावी, विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने जनसामान्य से 22 नवंबर को अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर खुराक पिलाने की अपील की।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










