गाजियाबाद : 19 / नवंबर / 2026 : क्रॉसिंग रिपब्लिक की जीएच-7 सोसायटी में कार में आग लगने की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पटाखा जलाने वाले युवक की भूमिका चर्चा में आ गई है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक पास खड़ी दूसरी कार से बाहर निकलता है और बेसमेंट में पटाखा जलाता है।

इसी दौरान पटाखे से निकली चिंगारी पास में कवर से ढकी खड़ी कार पर जा गिरती है। चिंगारी से कार के कवर में आग लग जाती है और कुछ ही देर में लपटें पूरी कार को अपनी चपेट में ले लेती हैं। घटना बुधवार आधी रात टावर-7 के बेसमेंट में हुई।

आग की जानकारी मिलते ही सुरक्षा गार्ड, अग्निशमन सुरक्षा दल और सोसायटी के निवासी मौके पर पहुंचे। सभी ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाई। राहत की बात रही कि आग आसपास खड़े दूसरे वाहनों तक नहीं पहुंची।
सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पटाखा जलाने वाले युवक की पहचान और उसकी भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










