खुर्जा : 22 / अगस्त / 2026 : आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने खुर्जा क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने गांव डाबर स्थित श्रीराम डेयरी मिल्क प्रोडक्ट पर अचानक छापेमारी कर खाद्य पदार्थों का निरीक्षण किया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार डेयरी में मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर परिसर की जांच की। निरीक्षण के दौरान करीब 2500 लीटर दूध, 200 किलोग्राम पनीर और 150 किलोग्राम घी भंडारित मिला।
खाद्य विभाग की टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए दूध, पनीर और घी के तीन नमूने लिए, जिन्हें जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। सहायक आयुक्त खाद्य-ग्रेड 2 ममता चौधरी ने बताया कि विष्णु गोयल के स्वामित्व वाली उक्त डेयरी के नमूने पूर्व में भी जांच के दौरान मानकों पर खरे नहीं उतरे थे।
अधिकारियों के मुताबिक इस बार निरीक्षण के दौरान मौके पर तत्काल मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, डेयरी परिसर में स्वच्छता एवं आवश्यक सुधार के संबंध में संचालक को निर्देश दिए गए हैं और इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया जा रहा है।
खाद्य विभाग की अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










