गाजियाबाद : 22 / अगस्त / 2026 : कविनगर थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी विशाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 85 ग्राम सोने के आभूषण, 1.1 किलो चांदी के आभूषण और 65,870 रुपये नकद बरामद किए हैं। वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
गोविंदपुरम निवासी लल्लू सिंह मौर्य ने 27 जुलाई को घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की। पुलिस ने 22 अगस्त को गोविंदपुरम बस अड्डे के पास से विशाल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पीड़ित के मकान में किरायेदार था और उसे घर में रखे जेवरात व नकदी की जानकारी थी। ऑनलाइन एवियेटर खेल में करीब नौ लाख रुपये का कर्ज होने के बाद उसने कर्ज चुकाने के लिए 24 जुलाई की रात ताला और लॉकर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
डीसीपी सिटी धवल जयसवाल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










