मिर्जापुर : 22 / अगस्त / 2026 : दिल्ली के जंतर-मंतर पर सवर्ण संगठनों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को कथित रूप से रोके जाने और बल प्रयोग के विरोध में भारतीय सवर्ण संघ परिवार एवं राजपूत करणी सेना से जुड़े कार्यकर्ताओं ने मिर्जापुर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान जातिगत आरक्षण, एससी-एसटी एक्ट और प्रस्तावित यूजीसी कानून को लेकर अपनी मांगें उठाते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन राष्ट्रीय महासचिव पंडित साधू तिवारी के नेतृत्व और ठाकुर दिलीप सिंह गहरवार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न सवर्ण संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय महासचिव पंडित साधू तिवारी ने कहा कि भारतीय सवर्ण संघ परिवार आरक्षण का पूरी तरह विरोधी नहीं है, लेकिन आरक्षण का लाभ आर्थिक रूप से जरूरतमंद लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार आर्थिक आधार पर सभी वर्गों की जनगणना कराकर वास्तविक रूप से जरूरतमंद परिवारों की पहचान करे और गरीबी का स्पष्ट मानक निर्धारित करे।
उन्होंने बताया कि भारतीय सवर्ण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर प्रदीप सिंह के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान समेत विभिन्न क्षेत्रों से संगठन से जुड़े लोग दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।

संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर आंदोलन अलग-अलग जिलों में जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार को प्राथमिकता देने और उनकी अन्य मांगों पर विचार करने की मांग की।

![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










