Home » बुलंदशहर » जहांगीराबाद में शान-ओ-अकीदत के साथ निकला बाहरे-ए-वफात का जुलूस, सुरक्षा रही कड़ी

जहांगीराबाद में शान-ओ-अकीदत के साथ निकला बाहरे-ए-वफात का जुलूस, सुरक्षा रही कड़ी

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद : 26 / अगस्त / 2026 :  अल्लाह के प्यारे रसूल हजरत मोहम्मद साहब की आमद की खुशी में बुधवार को नगर में अंजुमन बाहरे मदीना के नेतृत्व में बाहरे-ए-वफात का जुलूस शान-ओ-अकीदत के साथ निकाला गया।

जुलूस का शुभारंभ नगर के मोहल्ला कायस्थवाड़ा स्थित अंसारी रोड से विधायक संजय शर्मा, ब्लॉक प्रमुख पति मनोज प्रधान, पूर्व विधायक होशियार सिंह और सपा नेता अनिल चरौरा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान जुलूस कमेटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सभी अतिथियों का पगड़ी बांधकर स्वागत एवं सम्मान किया।

जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। घोड़ों पर सवार होकर पहुंचे अकीदतमंद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। जुलूस में जगह-जगह डीजे की धुन पर नात-ए-पाक और धार्मिक नारों की गूंज सुनाई देती रही। लोग नबी-ए-पाक की शान में नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे।

इस दौरान “नबी का दामन नहीं छोड़ेंगे”, “गुलाम हैं, गुलाम हैं, हुजूर के गुलाम हैं” सहित विभिन्न नारे लगाए गए। जुलूस में शामिल लोगों ने धार्मिक एवं पारंपरिक अंदाज में अपनी खुशी का इजहार किया।

जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इसे देखने के लिए रास्ते में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। जुलूस के दौरान कमेटी के पदाधिकारी व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे और लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस में शामिल होने की अपील करते रहे।

जुलूस की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। क्षेत्राधिकारी भरत सिंह सोनकर, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र राठौर समेत कई थानों के प्रभारी और पुलिसकर्मी जुलूस के साथ मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए शरारती तत्वों पर पैनी नजर रखी। जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करती रही।

शहर इमाम डॉ. सैय्यद कलीमुर्रहमान बुखारी ने बताया कि आज ही के दिन अल्लाह के प्यारे रसूल हजरत मोहम्मद साहब की आमद हुई थी और इसी दिन उनकी वफात भी हुई थी। उन्होंने सभी लोगों से नबी के बताए हुए रास्ते पर चलने और उनकी सुन्नतों पर अमल करने की अपील की।

आयोजकों ने जुलूस के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। साथ ही नगरवासियों से आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की। जुलूस के दौरान पूरे नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment