बुलंदशहर : 1 / सितम्बर / 2026 : एसएसपी के निर्देश पर शिकारपुर कोतवाली परिसर में बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने, पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ के मुकदमे को लेकर दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने किसान कार्यकर्ताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन किसान कार्यकर्ताओं को नामजद करते हुए करीब 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
बताया गया कि 30 अगस्त को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने युवा प्रदेश अध्यक्ष मंटू चौधरी के नेतृत्व में शिकारपुर कोतवाली का घेराव किया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक नोकझोंक भी हुई।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान बिना अनुमति कोतवाली परिसर में धरना देने, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा छेड़छाड़ के मामले में दबाव बनाने का आरोप है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
शिकारपुर पुलिस ने मामले में तीन किसान कार्यकर्ताओं को नामजद करते हुए करीब 150 अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










