बुलंदशहर : 8 / सितम्बर / 2026 : अनूपशहर पुलिस और यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली सीबीआई अधिकारी बनकर व्यापारी के घर डकैती डालने के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस के मुताबिक, 19 दिसंबर 2025 को आरोपी अंकुर उर्फ प्रवीण अपने साथियों के साथ खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर एक व्यापारी के घर में घुसा था। आरोपियों ने घर में मौजूद लोगों को अपने प्रभाव में लेकर वहां रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली थी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के संबंध में थाना अनूपशहर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल पांच आरोपियों को 31 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की थी। वहीं, वारदात का मुख्य आरोपी अंकुर उर्फ प्रवीण लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए मेरठ रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सोमवार रात टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अंकुर उर्फ प्रवीण पुत्र हरवीर उर्फ हमवीर, निवासी नगला लच्छी, थाना जसवंतनगर, जनपद इटावा, हाल निवासी ग्राम केसरी राजौरा, थाना नसीरपुर, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी शातिर किस्म का लुटेरा है और उसके खिलाफ अलग-अलग जनपदों में सात मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
संयुक्त कार्रवाई करने वाली टीम में थाना अनूपशहर के प्रभारी निरीक्षक जयकिशोर गौतम, उपनिरीक्षक सवित कुमार, हर्ष मिश्रा, पुलिसकर्मी संदीप कुमार और गौरव गौतम तथा यूपी एसटीएफ नोएडा यूनिट के उपनिरीक्षक दीपक कुमार के साथ अमरदीप, आकाश, सुबोध कुमार, देवदत्त सिंह, सत्येंद्र कुमार, खुर्शीद आलम और मनोज कुमार शामिल रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










