सुनील पाठक , गोरखपुर
कुशीनगर : 10 / सितम्बर / 2026 : रोजी-रोटी की तलाश में सऊदी अरब गए कुशीनगर निवासी रफीक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजन अब उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए मदद की गुहार लगा रहे हैं।
बताया गया कि तमकुही राज तहसील क्षेत्र निवासी रफीक पुत्र इशाक सऊदी अरब की SSEM (Saudi Services for Electro-Mechanic Works) कंपनी में काम करते थे। 6 सितंबर 2026 को उनकी मौत होने की सूचना परिवार को मिली। पति की मौत की खबर से पत्नी सीमा समीना खातून समेत पूरा परिवार सदमे में है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व स्थायी आमंत्रित सदस्य अजय कुमार लल्लू ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र भेजकर रफीक का पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में विदेश मंत्री से अनुरोध किया गया है कि परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराते हुए भारतीय मिशन के माध्यम से शव को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि परिजन धार्मिक एवं पारिवारिक परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार कर सकें।
रफीक की मौत के बाद एक बार फिर विदेशों में काम कर रहे भारतीय श्रमिकों और उनके परिवारों की मुश्किलें सामने आई हैं। किसी अनहोनी की स्थिति में परिजनों के लिए विदेश से शव को स्वदेश लाना बड़ी चुनौती बन जाता है।
अब परिवार की उम्मीदें विदेश मंत्रालय और संबंधित भारतीय मिशन की कार्रवाई पर टिकी हैं। परिजनों ने मानवीय आधार पर जल्द पहल कर रफीक के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक भारत लाने की मांग की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










