Home » बुलंदशहर » शिकारपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर ईओ सख्त, औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में मचा हड़कंप , नालों की सफाई का मौके पर लिया जायजा, सिल्ट और कूड़ा तत्काल हटाने के निर्देश

शिकारपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर ईओ सख्त, औचक निरीक्षण से कर्मचारियों में मचा हड़कंप , नालों की सफाई का मौके पर लिया जायजा, सिल्ट और कूड़ा तत्काल हटाने के निर्देश

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

शिकारपुर  : 10 / सितम्बर / 2026 :   शिकारपुर नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। गुरुवार को जहांगीराबाद चुंगी पर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों द्वारा नालों और नालियों की सफाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने अचानक मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।

ईओ के अचानक पहुंचने से सफाई कर्मचारियों में हलचल मच गई। नीतू सिंह ने मौके पर मौजूद रहकर सफाई कार्य की स्थिति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नालों और नालियों की सफाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर पूरी गंभीरता के साथ की जाए। उन्होंने सफाई व्यवस्था को जलभराव की समस्या से जोड़ते हुए निर्देश दिए कि नालियों की सफाई इस तरह सुनिश्चित की जाए कि बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित न हो।

ईओ ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि नालों से निकलने वाली सिल्ट और कूड़े के ढेर को सफाई के तुरंत बाद मौके से हटाया जाए। सड़क किनारे कचरा पड़ा रहने से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी के साथ-साथ दुर्गंध की समस्या भी होती है।

नीतू सिंह ने कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

औचक निरीक्षण के दौरान नगर पालिका कर्मचारियों में पूरे समय सतर्कता बनी रही।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment