शिकारपुर : 10 / सितम्बर / 2026 : शिकारपुर नगर में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को विशेष जांच अभियान चलाया। फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स मोबाइल लैब के माध्यम से विभिन्न दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई।
मेरठ से विकास कुमार और सनी कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जहांगीराबाद चुंगी, अनुपम मैरिज होम, 12 खंभा समेत नगर के कई प्रमुख स्थानों पर अभियान चलाया। टीम ने दुकानों से खाद्य तेल, मसाले, मिठाइयां और मीठी चटनी के नमूने लेकर मोबाइल लैब में मौके पर ही उनकी जांच की।

जांच के दौरान खाद्य तेल और मसालों में कृत्रिम रंगों की मिलावट के साथ-साथ मिठाइयों में इस्तेमाल किए जाने वाले रंग और चांदी के वर्क की गुणवत्ता भी परखी गई। नगर की एक प्रमुख मिठाई की दुकान पर पहुंचकर टीम ने मिठाइयों और चटनी के नमूनों की भी जांच की।
मोबाइल लैब के नगर में पहुंचते ही कई दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति नजर आई। अभियान के दौरान कुछ मिठाई विक्रेताओं द्वारा दुकानें बंद कर मौके से चले जाने की बात भी सामने आई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने दुकानदारों और व्यापारियों को मिलावट से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी व्यापारी द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट कर नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स अभियान आगे भी जारी रहेगा और विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










