बुलंदशहर : 10 / सितम्बर / 2026 : चोला थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा में चल रहे विकास कार्यों का सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदीप कुमार के घर से मुख्य मार्ग तक कराए जा रहे आरसीसी सड़क निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण सामग्री और सड़क निर्माण में अपनाए जा रहे मानकों के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

विधायक ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी बातचीत कर सड़क निर्माण से जुड़ी उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता जताते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया।
लक्ष्मीराज सिंह ने कहा कि सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र का संतुलित एवं सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचना चाहिए। क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की लगातार समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ सुविधाएं मिल सकें।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाए और निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नवादा में आरसीसी सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने दो टूक कहा कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसेवा और क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










