Home » उत्तर प्रदेश » मीरपुर और नगला पौधा में सीडीओ ने किया स्थलीय निरीक्षण, पशुओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर

मीरपुर और नगला पौधा में सीडीओ ने किया स्थलीय निरीक्षण, पशुओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

हाथरस  : 10 / सितम्बर / 2026 :   जनपद में पशुओं को लम्पी बीमारी से बचाने के लिए प्रशासन ने टीकाकरण और निगरानी अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने ग्राम पंचायत मीरपुर एवं नगला पौधा पहुंचकर पशुओं की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने गांव में पशुओं का टीकाकरण किया और पशुपालकों को लम्पी बीमारी के लक्षण, बचाव और जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। सीडीओ ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सा केंद्र अथवा संबंधित अधिकारी को सूचना दें।

उन्होंने पशुपालकों को पशुओं की नियमित साफ-सफाई करने के साथ पशुशालाओं में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कहा कि यदि किसी पशु में लम्पी बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो उसे स्वस्थ पशुओं से अलग रखा जाए, जिससे संक्रमण फैलने की संभावना को कम किया जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के सभी गांवों में अभियान चलाकर पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही संभावित संक्रमित पशुओं की लगातार निगरानी करते हुए समय से उपचार और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को लगातार जागरूक किया जाए, ताकि बीमारी के लक्षणों की पहचान और समय पर सूचना देने में किसी प्रकार की देरी न हो। प्रशासन का उद्देश्य लम्पी बीमारी के संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण रखते हुए पशुओं को सुरक्षित रखना है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अपर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से टीकाकरण अभियान में सहयोग करने और पशुओं की देखभाल में विशेष सावधानी बरतने का आह्वान किया।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment