Home » बुलंदशहर » गंगा का बढ़ा जलस्तर, अहार क्षेत्र में कटान तेज; सिद्ध बाबा घाट और रुक्मिणी कुंड पर बढ़ी चिंता

गंगा का बढ़ा जलस्तर, अहार क्षेत्र में कटान तेज; सिद्ध बाबा घाट और रुक्मिणी कुंड पर बढ़ी चिंता

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बुलंदशहर  : 10 / सितम्बर / 2026 :  बिजनौर बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के चलते गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही अहार क्षेत्र में गंगा का कटान भी तेज हो गया है। सिद्ध बाबा गंगा घाट पर लगातार हो रहे कटान से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं मां अवंतिका देवी मंदिर की पश्चिम दिशा में स्थित रुक्मिणी कुंड के आसपास भी गंगा तेजी से कटान कर रही है।

गत वर्ष बनाया गया तटबंध भी कटान की चपेट में आ गया है, जिससे उसके अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। गंगा की तेज होती धारा के कारण मां अवंतिका देवी मंदिर के नीचे तक पानी पहुंच गया है।

हालांकि प्रशासनका कहना है कि मंदिर पूरी तरह सुरक्षित है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

कटान को रोकने और गंगा की तेज धारा का सीधा दबाव किनारे पर कम करने के लिए नदी किनारे पैंटून पुल के पीपों को बांधकर पानी के बहाव की गति कम करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें जलस्तर एवं कटान की स्थिति की लगातार निगरानी कर रही हैं।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाया जा सके।

पीपे से बंधी मोटरबोट तेज धारा में बही

वहीं, मां अवंतिका देवी गंगा घाट पर पीपे से बंधी एक स्टीमर (मोटरबोट) अचानक खुलकर गंगा की तेज धारा में बह गई। मोटरबोट के मालिक ने काफी तलाश की, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।

गंगा में बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के बीच मोटरबोट के बहने की घटना से घाट पर मौजूद लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से गंगा के आसपास लोगों को सतर्क रहने और बढ़े जलस्तर के बीच सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment