खुर्जा : 10 / सितम्बर / 2026 : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने पहासू अड्डा (तहसील) चौकी प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) खुर्जा के नाम ज्ञापन सौंपा है। कार्यकर्ताओं ने चौकी इंचार्ज पर लापरवाही और बिना जांच-पड़ताल किए एबीवीपी के जिला संयोजक मनोज चौधरी का नाम विवाद में घसीटने का आरोप लगाते हुए उन्हें निलंबित करने की मांग की है।

साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 7 दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो संगठन बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बीते दिन शाम लगभग 6:27 बजे दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस और चौकी इंचार्ज ने मामले की निष्पक्ष जांच किए बिना ही एबीवीपी के जिला संयोजक मनोज चौधरी का नाम शिकायत/मुकदमे में शामिल कर दिया। कार्यकर्ताओं का साफ तौर पर कहना है कि मनोज चौधरी का इस घटना या विवाद से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है।
एबीवीपी के नगर अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह और नगर मंत्री प्रिंस शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सीओ खुर्जा से मांग की है कि मामले की तुरंत निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिला संयोजक का नाम तत्काल हटाया जाए। कार्यकर्ताओं ने बिना पड़ताल के एकतरफा कार्रवाई करने वाले चौकी इंचार्ज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ निलंबन की कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए 7 दिन का समय दिया है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित 7 दिनों के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर जिला संयोजक का नाम नहीं हटाया गया और दोषी चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई नहीं हुई, तो विद्यार्थी परिषद खुर्जा में बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।
पुलिस क्षेत्राधिकार खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है निष्पक्ष जांच कर तथ्यात्मक कार्यवाही की जाएगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










