गाजियाबाद : 10 / सितम्बर / 2026 : वार्ड 14 के सर्वोदय नगर, चरण सिंह कॉलोनी, वकील कॉलोनी, रेलवे कॉलोनी और पी ब्लॉक के आरडब्ल्यूए अध्यक्षों, पदाधिकारियों तथा प्रमुख नागरिकों ने विधायक संजीव शर्मा से उनके निवास पर मुलाकात कर क्षेत्र की महत्वपूर्ण समस्या से अवगत कराया।
नागरिकों ने बताया कि सर्वोदय नगर स्थित सेंट टेरेसा स्कूल के पूर्व वाली गली नगर निगम द्वारा बनाई गई है और एनएच-24 से जुड़ती है। इस मार्ग से करीब 50 हजार लोगों को आवागमन की सुविधा मिलती है। सेंट टेरेसा स्कूल, एसएसडी पब्लिक स्कूल और विद्या स्थली स्कूल के छात्र-छात्राएं भी इस रास्ते का उपयोग करते हैं।

नागरिकों ने आरोप लगाया कि गली में मंसाराम शर्मा, राधेश्याम शर्मा, विवेक शर्मा और भगत सिंह यादव की ओर से रास्ते को रोकने के उद्देश्य से बड़े पत्थर रखे गए हैं। उनका कहना है कि कई बार लोहे का बड़ा गेट लगाकर रास्ते को बंद करने का प्रयास किया जाता है, जिससे गली का निजी उपयोग, वाहनों की पार्किंग तथा अन्य निजी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा सके। रास्ते को लेकर आपत्ति करने वाले नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार और धमकाने की शिकायत भी नागरिकों ने विधायक के समक्ष रखी।
नागरिकों के अनुसार 8 सितंबर को गली में गेट लगाने का प्रयास किया गया था। स्थानीय निवासी सीपी शर्मा ने इसका विरोध करते हुए पुलिस सहायता के लिए 112 पर सूचना दी, जिसके बाद गेट लगाने का प्रयास रुक गया। इसके बाद कॉलोनी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सीके शर्मा और कुछ पार्षद व नागरिक थाने पहुंचे।
नागरिकों का आरोप है कि वहां भगत सिंह यादव ने उपस्थित लोगों के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और स्वयं को सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक बताते हुए गेट लगाने पर अड़े रहने की बात कही। इस घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र के नागरिकों ने विधायक से उचित कार्रवाई और रास्ते को सुगम बनाए रखने की मांग की।
क्षेत्रीय पार्षद ठाकुर ओम प्रकाश सिंह ओड ने कहा कि जनता के आवागमन को देखते हुए रास्ते में रखे बड़े पत्थरों को हटाया जाना चाहिए। उन्होंने एनएच-24 की सर्विस लाइन तक सुगम पहुंच के लिए सड़क के आधे हिस्से में रैंप और आधे हिस्से में सीढ़ियां बनाए जाने का सुझाव दिया, ताकि पैदल चलने वालों के साथ बाइक, साइकिल और स्कूटी से आने-जाने वाले नागरिकों को भी सुविधा मिल सके।
विधायक संजीव शर्मा ने नागरिकों की समस्या को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्यवाही के लिए आरके आर्य को अधिकृत किया। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि मार्ग को अवरोधमुक्त कराकर क्षेत्र की बड़ी आबादी को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर आरके आर्य, राजपाल शर्मा, बीपी सिंह, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सीके शर्मा, महामंत्री प्रताप नारायण चतुर्वेदी, पार्षद संतोष राणा, पार्षद देवनारायण शर्मा, सुमर पाल, चैन सिंह, दरोगा जी, पाराशर, कुलश्रेष्ठ, रमेश, चंद्रपाल शर्मा सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










