Home » उत्तर प्रदेश » श्री दाऊजी महाराज मेले की तैयारियों को परखा डीएम ने , श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, प्रवेश-निकासी व पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

श्री दाऊजी महाराज मेले की तैयारियों को परखा डीएम ने , श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, प्रवेश-निकासी व पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

हाथरस  : 11 / सितम्बर / 2026 :    17 सितंबर से बल्देव छठ के अवसर पर शुरू होने वाले प्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा और संबंधित अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की प्रगति देखी और सभी लंबित कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने मंदिर की रंगाई-पुताई, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, प्रशासनिक शिविर, बैरिकेडिंग, इंटरलॉकिंग, विद्युत सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और जल निकासी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बारिश को देखते हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालियों और जल निकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि मेले में प्रवेश और निकासी के मार्ग अलग-अलग रखे जाएं। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल बाहर निकालने के लिए सभी रास्ते अतिक्रमण मुक्त और सुगम रखे जाएं। साथ ही यातायात व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

फायर सर्विस और पुलिस-प्रशासन के कैंप रणनीतिक स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए गए। झूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अग्नि सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन कराने तथा दुकानों और झूलों का आवंटन निर्धारित ले-आउट के अनुसार ही करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने मेले के शुभारंभ से पहले पूरे मेला क्षेत्र का ड्राई रन कराने के निर्देश दिए। इसमें यातायात, सुरक्षा, अग्निशमन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं समेत सभी व्यवस्थाओं को परखा जाएगा, ताकि कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।

डीएम ने बताया कि इस बार मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडाल के शेड का विस्तार, मिनी स्टेज, व्यापक इंटरलॉकिंग और स्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। जलभराव और गंदगी की समस्या दूर करने के लिए तालाब की सफाई व ड्रेनिंग कराई गई है। वेस्ट वाटर के निस्तारण और मिट्टी भराई के माध्यम से अतिरिक्त स्थान भी विकसित किया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं। साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, शौचालय, डस्टबिन और साइनेज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित हो।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मेले की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, अग्निशमन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, लोक निर्माण विभाग व विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment