Home » गोरखपुर » निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की राष्ट्रपति से मांग

निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की राष्ट्रपति से मांग

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

सुनील पाठक , गोरखपुर

 

गोरखपुर : 11 / सितम्बर / 2026 :  दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में महिला पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार, अभद्रता और उत्पीड़न के मामले को लेकर ऑल इंडिया स्माल एंड मीडियम न्यूज पेपर्स फेडरेशन ने कड़ा विरोध जताया है।

फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष शोएब अहमद के निर्देश पर फेडरेशन के जोन-1 के प्रदेश सचिव दीनानाथ यादव, मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी एवं महामंत्री दिलीप कुमार पटवा के संयुक्त नेतृत्व में जिलाधिकारी दीपक मीणा को ज्ञापन सौंपा गया तथा राष्ट्रपति को पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

राष्ट्रपति को भेजे गए पत्र में फेडरेशन पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता से जुड़े पत्रकारों और समाचार पत्र मालिकों के साथ दिल्ली में पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार, अभद्रता, उत्पीड़न एवं अधिकारों के हनन की घटनाओं से पत्रकार समाज में आक्रोश के साथ असुरक्षा की भावना पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि साकेत थाना क्षेत्र से जुड़े इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराया जाना बेहद जरूरी है।

प्रदेश सचिव दीनानाथ यादव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र में जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही व्यवस्था की कमियों को सामने लाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का अनुचित व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है।

मंडल अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन रहमानी ने कहा कि समाचार संकलन और रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों को भयभीत, प्रताड़ित अथवा उनके कार्य में अनुचित रूप से बाधित किया जाना पत्रकारिता की स्वतंत्रता के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी प्रभावित करता है।

उन्होंने साकेत थाना, दिल्ली के पुलिसकर्मियों द्वारा पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न के मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच स्थानीय पुलिस से अलग किसी सक्षम एवं निष्पक्ष जांच अधिकारी अथवा एजेंसी से कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

महामंत्री दिलीप कुमार पटवा ने कहा कि पत्रकारों को समाचार संकलन, रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने के दौरान भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों को डराने-धमकाने, दबाव बनाने या उत्पीड़ित करने वाली किसी भी कार्रवाई पर प्रभावी रोक लगाने तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को पत्रकारों की अभिव्यक्ति और स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकारों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।

इस मौके पर मुख्य रूप से वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा, अमित ओझा, वकील अहमद, फैयाज अहमद, दिनेश श्रीवास्तव, सरफराज आलम, आदर्श श्रीवास्तव, जाकिर अली, मुहम्मद अहमद अजीम खान, दबीर आलम, सद्दाम, शक्ति शंकर सिंह, प्रवीण कुशवाहा, जावेद खान, अजय गुप्ता, सूर्यांश श्रीवास्तव, तनवीर आलम, जय सिंह, अहमद बशर, आकर्षित शनि आदि पत्रकार मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment