कोटद्वार : 11 / सितम्बर / 2026 : कोटद्वार से देहरादून के बीच बस सेवा संचालित किए जाने के लिए गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन लिमिटेड (GMOU) की ओर से धन्यवाद एवं आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने प्रतिभाग किया।

कोटद्वार क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही कोटद्वार–देहरादून बस सेवा की मांग को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण द्वारा किए गए प्रयासों के लिए गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन लिमिटेड के पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि पूर्व में परमिट से संबंधित व्यवस्था के कारण गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन लिमिटेड की बसें कोटद्वार से देहरादून तक संचालित नहीं हो पा रही थीं। क्षेत्रवासियों की इस समस्या एवं लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने संबंधित विभाग एवं शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए, जिसके फलस्वरूप अब कोटद्वार–देहरादून बस सेवा का संचालन संभव हो सका है।
नई बस सेवा के तहत बस प्रतिदिन सुबह 07:00 बजे कोटद्वार से देहरादून के लिए रवाना होगी तथा दोपहर 02:00 बजे देहरादून से कोटद्वार के लिए प्रस्थान करेगी। इस सेवा से कोटद्वार एवं आसपास के क्षेत्रवासियों को देहरादून आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि जनता की सुविधा और उनकी आवश्यकताओं से जुड़े विषयों का समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










