गाजियाबाद : 11 / सितम्बर / 2026 : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों के संचालन पर परिवहन विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सम्भाग गाजियाबाद में अब तक 2037 आयु सीमा पूर्ण वाहनों को पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्र के माध्यम से स्क्रैप कराने के लिए सुपुर्द किया गया है। इनमें गाजियाबाद के 704, गौतमबुद्धनगर के 618, बुलंदशहर के 286 और हापुड़ के 429 वाहन शामिल हैं।

सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन डॉ. सियाराम वर्मा ने बताया कि वाहन जांच के दौरान पंजीकरण विवरण, प्रथम पंजीकरण की तिथि, ईंधन के प्रकार और संबंधित अभिलेखों का सत्यापन किया जा रहा है।
संदिग्ध वाहनों की जानकारी वाहन पोर्टल और उपलब्ध अभिलेखों से मिलान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रवर्तन अधिकारियों की ओर से प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों, व्यावसायिक क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार जांच की जा रही है।
विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि आयु सीमा पूरी कर चुके वाहनों का संचालन न करें और निर्धारित नियमों का पालन करें। परिवहन विभाग का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










