हाथरस : 12 / सितम्बर / 2026 : जनपदवासियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ जिला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने महिला चिकित्सालय के ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण करते हुए गर्भवती महिलाओं के सिजेरियन ऑपरेशन की संख्या बढ़ाने को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं चिकित्सकों से चर्चा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि जटिल गर्भावस्था वाली महिलाओं को आठवें माह में ही चिन्हित कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि सुरक्षित प्रसव जिला महिला चिकित्सालय में कराया जा सके।

डीएम ने महिला चिकित्सालय में 100 सिजेरियन ऑपरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निजी क्षेत्र के तीन महिला रोग विशेषज्ञों को ऑन-कॉल व्यवस्था के आधार पर अनुबंधित किया गया है। प्रत्येक सिजेरियन ऑपरेशन के लिए विशेषज्ञ चिकित्सक को 4,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन 50 शय्यायुक्त क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि यूनिट संचालित होने के बाद यहां भी सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे अधिक संख्या में गर्भवती महिलाओं को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल के नवीन इमरजेंसी ब्लॉक का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों एवं तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक भी लिया।
बच्चे को रक्त की जरूरत पर तत्काल हुई रक्तदाता की व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान करीब 18 माह के बच्चे आर्यन की मां ने बताया कि बच्चे में खून की अत्यधिक कमी है और निजी अस्पताल में उपचार कराना आर्थिक रूप से संभव नहीं है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बच्चे को फ्रेश ब्लड की आवश्यकता बताई।
इस पर जिलाधिकारी ने एसपी से रक्तदाता की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। एसपी के सहयोग से कुछ ही समय में रक्तदाता की व्यवस्था कर बच्चे को एक यूनिट रक्त उपलब्ध कराया गया। अन्य मरीजों एवं तीमारदारों ने भी जिला अस्पताल में उपलब्ध इमरजेंसी सेवाओं पर संतोष जताया।
वहीं इमरजेंसी भवन के पीछे जलभराव की समस्या का संज्ञान लेते हुए डीएम ने इसके स्थायी समाधान के लिए अपर जिलाधिकारी (राजस्व एवं वित्त) को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिला अस्पताल के मुख्य द्वार से इमरजेंसी ब्लॉक तक सड़क निर्माण कराने के भी निर्देश दिए, ताकि मरीजों एवं तीमारदारों को आवागमन में परेशानी न हो।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










