बुलंदशहर : 14 / सितम्बर / 2026 : खुर्जा नगर पालिका परिषद में संपत्ति अभिलेखों से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों ने पालिका प्रशासन में हलचल बढ़ा दी है। संपत्ति लिपिक संजय शर्मा पर फॉर्म-5 की रसीदों और संपत्ति रजिस्टर में वसूली एवं बकाया धनराशि के अंकन में कथित गड़बड़ी किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले को प्रथमदृष्टया गंभीर मानते हुए नगर पालिका प्रशासन ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
आरोप है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 13,500 रुपये की बकाया धनराशि को वर्ष 2025-26 में घटाकर महज 4,500 रुपये दर्शाया गया। अभिलेखों में बकाया राशि के इस तरह बदलाव से नगर पालिका को वित्तीय नुकसान होने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा अपूर्ण दस्तावेजों और प्रपत्रों के बावजूद संपत्तियों के नाम परिवर्तन किए जाने के आरोप भी जांच के दायरे में हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका परिषद खुर्जा ने पांच सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है। कर निर्धारण अधिकारी अनिल कुमार सिंह को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि चार अन्य अधिकारियों को सदस्य नामित किया गया है।
जांच कमेटी संपत्ति विभाग और कर विभाग से संबंधित अभिलेखों की गहनता से जांच करेगी। इसके साथ ही फॉर्म-5 की सभी रसीदों, संपत्ति रजिस्टर, वसूली गई धनराशि, बकाया रकम और संपत्तियों के नाम परिवर्तन से जुड़े दस्तावेजों को भी जांचा जाएगा।
नगर पालिका प्रशासन ने जांच कमेटी को सात दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। 11 सितंबर को नगर पालिका परिषद खुर्जा कार्यालय से जारी आदेश के बाद अब जांच शुरू होने जा रही है। जांच रिपोर्ट में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










