गाजियाबाद : 14 / सितम्बर / 2026 : कनावनी गांव के किसानों का अपनी मांगों को लेकर चल रहा धरना सोमवार को लगातार 32वें दिन भी जारी रहा। किसान अपनी जमीन और राजस्व अभिलेखों में किसानों के नाम बहाल किए जाने की मांग को लेकर धरना स्थल पर डटे हैं। किसानों ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा इंद्रापुरम विस्तार योजना के चरण-1 को आगे बढ़ाने की तैयारी पर आपत्ति जताई है।
किसानों का आरोप है कि उनकी जमीन अभी तक प्राधिकरण द्वारा विधिवत रूप से अधिग्रहित नहीं की गई है। इसके बावजूद इंद्रापुरम विस्तार योजना के चरण-1 का खाका तैयार कर योजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया की जा रही है। किसानों का कहना है कि जब तक भूमि के संबंध में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक उनकी जमीन पर योजना का खाका तैयार कर उसे आगे बढ़ाना उचित नहीं है।

किसानों ने आरोप लगाया कि प्राधिकरण की यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि भूमि संबंधी विवाद और राजस्व अभिलेखों में नाम बहाली का विषय लंबित होने के बावजूद योजना को आगे बढ़ाने से किसानों के अधिकार प्रभावित होंगे। किसानों ने स्पष्ट किया कि उनकी जमीन किसानों के पास है और वे अपनी मांगों के समाधान के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपना पक्ष रखते रहेंगे।
किसान चतर सिंह नागर और श्रीचंद नागर ने कहा कि किसानों की जमीन किसानों के पास है। जब तक किसानों की मांगों का समाधान नहीं होता और राजस्व अभिलेखों में किसानों के नाम बहाल नहीं किए जाते, तब तक धरना जारी रहेगा। किसानों ने प्राधिकरण से भूमि संबंधी कानूनी प्रक्रिया स्पष्ट करने और किसानों के अधिकारों का समाधान करने की मांग की।
धरना स्थल पर सुखवीर नागर, महेंद्र नागर, कबूल सिंह, सतीश नागर, लायक राम, प्रवीण नागर, अशोक कसाना, अमित कसाना, विनीत, तिरखा, अरुण नागर, पिंटू नागर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










