नोएडा : 15 / सितम्बर / 2026 : राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा का शनिवार रात नोएडा के मेट्रो अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह 79 वर्ष की थीं।
बताया गया कि पिछले करीब दस दिनों से फेफड़ों में संक्रमण के चलते उनका उपचार चल रहा था और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सत्यवती मिश्रा का पार्थिव शरीर नोएडा के सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास स्थल श्मशान घाट ले जाया गया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का पहुंचना जारी रहा।

पैतृक गांव मलिकपुर गाजीपुर में भी शोक की लहर
सत्यवती मिश्रा के निधन की जानकारी मिलते ही उनके पैतृक गांव मलिकपुर गाजीपुर सहित बुलंदशहर जनपद में भी शोक का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना जताई।
वीआईपी लोगों के पहुंचने और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अंतिम संस्कार स्थल पर पुलिस-प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई।
गुड्डू पंडित ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार में बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र के पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित भी पहुंचे। उन्होंने दिवंगत सत्यवती मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उनके साथ मोहित चौहान भी मौजूद रहे।
इससे पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश शर्मा सहित कई प्रमुख नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से सत्यवती मिश्रा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। नेताओं ने उनके निधन को मिश्र परिवार के साथ-साथ भाजपा परिवार के लिए भी अपूरणीय क्षति बताया और शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









