शिकारपुर : 15 / सितम्बर / 2026 : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रानऊ स्थित अवंतिका फार्म हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने शिकारपुर के दिवंगत विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान दिवंगत नेता के परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि परमात्मा दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनका हाल जाना और हर संभव संवेदना व्यक्त की।
नन्हे वेदार्थ को गोद में लेकर दुलारा
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का एक भावुक और आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने स्वर्गीय अनिल शर्मा के छोटे भाई केशव शर्मा के पुत्र सार्थक शर्मा के बेटे नन्हे वेदार्थ को अपनी गोद में उठाया और दुलार किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर तथा जिले के प्रभारी मंत्री सुरेंद्र दिलेर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने भी स्वर्गीय अनिल शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और जनहित एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही अवंतिका फार्म हाउस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की भीड़ जुट गई। लोगों ने नम आंखों से अपने लोकप्रिय नेता को याद किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने अनिल शर्मा द्वारा शिकारपुर क्षेत्र के विकास और जनहित के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में शोक का माहौल रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में परिजनों और समर्थकों ने दिवंगत विधायक की स्मृतियों को साझा किया और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










