Home » बुलंदशहर » साक्षरता अभियान के तहत 600 से अधिक महिलाओं को बांटे प्रमाण-पत्र

साक्षरता अभियान के तहत 600 से अधिक महिलाओं को बांटे प्रमाण-पत्र

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

ककोड़  : 15 / सितम्बर / 2026 :   ककोड़ क्षेत्र में शिव नाडर फाउंडेशन की ओर से संचालित साक्षरता अभियान के तहत मंगलवार को प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचीं 600 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। समारोह का उद्देश्य नव-साक्षर महिलाओं को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित करने और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। समारोह में बुलंदशहर के बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा प्रांजल कुमार, रॉबिन सरकार, संस्थापक तथा विनय आनंद वर्मा सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी रही।

मुख्य अतिथियों ने साक्षरता अभियान से जुड़ी नव-साक्षर महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए। प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाली महिलाओं में उत्साह देखने को मिला। अतिथियों ने उन्हें शिक्षा का सिलसिला जारी रखने और अपने परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि वीरेंद्र कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों और शिक्षा से वंचित लोगों तक ज्ञान पहुंचाना बेहद जरूरी है। साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज के उन वर्गों तक शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से दूर रह गए।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीक आधारित शिक्षा के बढ़ते प्रभाव और महिलाओं के जीवन में शिक्षा के माध्यम से आए बदलावों पर भी चर्चा की गई। लर्नर्स और वॉलंटियर्स ने अभियान से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि साक्षर होने के बाद महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे रोजमर्रा के कार्यों में पहले की अपेक्षा अधिक आत्मनिर्भर महसूस कर रही हैं।

आयोजकों ने कहा कि साक्षरता अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को शिक्षा से जोड़ा जा सके और महिलाएं ज्ञान एवं तकनीकी जानकारी के माध्यम से अपने जीवन को बेहतर बना सकें।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment