Home » हरिद्वार » हरिद्वार में औरंगाबाद के व्यापारी से मारपीट और धमकी का आरोप, कारोबार बंद करने को मजबूर

हरिद्वार में औरंगाबाद के व्यापारी से मारपीट और धमकी का आरोप, कारोबार बंद करने को मजबूर

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

हरिद्वार / बुलन्दशहर  : 15 / सितम्बर / 2026 :    उत्तर प्रदेश के औरंगाबाद निवासी एक व्यापारी ने हरिद्वार में उसके साथ अभद्रता, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जा रही है, जिसके चलते वह भय के माहौल में अपना कारोबार तक ठीक से नहीं चला पा रहा है।

मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार औरंगाबाद निवासी जय अग्रवाल पुत्र स्वर्गीय राजीव अग्रवाल आर्थिक परेशानी से गुजर रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार के बाहदरा निवासी प्रियंका गुप्ता पत्नी मुकेश गुप्ता से उनकी बातचीत हुई।

पीड़ित के मुताबिक, प्रियंका गुप्ता ने उन्हें हरिद्वार में बेहतर कारोबार की संभावना बताते हुए यहां आने के लिए प्रेरित किया। भरोसा होने पर जय अग्रवाल ने अपनी जमा पूंजी के साथ रिश्तेदारों और परिचितों से कर्ज लेकर रकम जुटाई और हरिद्वार में कन्फेक्शनरी, किराना एवं जनरल स्टोर का कारोबार शुरू किया।

पीड़ित का आरोप है कि दुकान शुरू करने के कुछ ही समय बाद प्रियंका गुप्ता दुकान पर पहुंचीं और उनके साथ गाली-गलौज एवं अभद्रता करने लगीं। जय अग्रवाल के विरोध करने पर कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित का यह भी आरोप है कि महिला ने उन्हें भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी।

घटना से भयभीत जय अग्रवाल ने कुछ समय के लिए दुकान एक कर्मचारी के भरोसे छोड़कर औरंगाबाद लौटने की बात कही है। हालांकि कारोबार में लगी पूंजी को देखते हुए वह मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के प्रयास में अपनी बुजुर्ग मां के साथ दोबारा हरिद्वार पहुंचे।

पीड़ित के अनुसार उन्होंने बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया और कई बार बैठकर बात करने का आग्रह किया, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। इसके बाद जय अग्रवाल अपनी मां के साथ प्रियंका गुप्ता के घर बातचीत करने पहुंचे। आरोप है कि वहां भी उनकी बात नहीं सुनी गई और विवाद की स्थिति पैदा हो गई। इसी दौरान 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई।

जय अग्रवाल का आरोप है कि उन्हें और उनकी बुजुर्ग मां को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। लगातार हो रही कथित धमकियों और विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हैं। उनका कहना है कि भय के चलते उनका नया कारोबार प्रभावित हो रहा है और उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।

पीड़ित ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment