बुलंदशहर :16 / सितम्बर / 2026 : जनपद बुलंदशहर में बुधवार, 16 सितंबर 2026 को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लिखित रूप में अधिकारियों के समक्ष रखा।
किसान दिवस की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी न्यायिक भरतराम यादव एवं एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने की। इस दौरान विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
किसानों ने गन्ने के बकाया भुगतान का शीघ्र निस्तारण कराने, काली नदी में पानी रोकने एवं साफ-सफाई कराने, फसलों के नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने तथा साधन सहकारी समितियों पर डीएपी और यूरिया का समय से वितरण सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। किसानों ने नकली कीटनाशक दवाइयां बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ छापेमारी कर कार्रवाई करने और टैगिंग, ब्लैक तथा ओवररेटिंग पर रोक लगाने की मांग भी की।
जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट को चालू कराने, मंडियों में किसानों के बैठने, पीने के पानी और शौचालयों की समुचित व्यवस्था कराने की मांग रखी गई। किसानों ने पराली जलाने से रोकने के लिए पराली गलाने वाली दवा उपलब्ध कराने की भी मांग की।

किसानों ने एआरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस एवं ड्राइविंग टेस्ट के नाम पर कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने तथा डीपीआरओ के माध्यम से ग्राम पंचायतों में सचिव और एडीओ स्तर पर कथित भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच कराने की मांग की। ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर वसूली के आरोपों की जांच कर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
विद्युत व्यवस्था को लेकर किसानों ने ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे से उतरने-चढ़ने के लिए बुलंदशहर-बदायूं मार्ग एवं बुलंदशहर-अनूपशहर मार्ग पर उचित रास्ते की व्यवस्था, 11 हजार केवी लाइनों के नीचे सुरक्षा जाल लगाने, नए विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर लगाने तथा जरूरत के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की। किसानों ने रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।

इसके अलावा टूटी ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, नई सड़क एवं नालियों का निर्माण, आवारा पशुओं को गौशालाओं में भेजने, साधन सहकारी समिति याकूबपुर का चुनाव दोबारा कराने और चकबंदी वाले गांवों में किसानों को ऋण उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
किसानों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान का कार्यकाल समाप्त होने के बाद कुछ गांवों में सचिव और एडीओ द्वारा कथित रूप से कमीशन लेकर विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे गांवों में अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो रही है।
इस मामले में जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। गलत आख्या देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई। साथ ही किसानों ने राहवीर योजना का लाभ जनपद के किसानों तक पहुंचाने की मांग की।
किसान दिवस में जिला अध्यक्ष शैलेंद्र आर्य, धीरज चौहान, संजय चौधरी, विवेक कुमार, वीरपाल सिंह, मुकेश कुमार, पवन कुमार, आदेश कुमार, ज्ञानेंद्र सिंह, नरेंद्र राव सहित बड़ी संख्या में किसान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने “राजेश चौहान जिंदाबाद, मांगेराम त्यागी जिंदाबाद, हरिनाम वर्मा जिंदाबाद, भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक जिंदाबाद” के नारे लगाए। कार्यक्रम का समापन “जय जवान, जय किसान” के उद्घोष के साथ हुआ।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








