जहांगीरपुर : 17 / सितम्बर / 2026 : जहांगीरपुर कस्बे में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गौशाला होने के बावजूद बड़ी संख्या में गोवंश सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे हैं। इससे हादसों का खतरा बना हुआ है।
झाझर रोड स्थित कब्रिस्तान में भी आवारा पशुओं के पहुंचने से कब्रों को नुकसान होने का मामला सामने आया है। कस्बा निवासी फजले आलम ने बताया कि उनके पुत्र अरबाज का 19 अगस्त 2026 को इंतकाल हुआ था और उसकी कब्र इसी कब्रिस्तान में है।
आरोप है कि आवारा पशुओं ने कब्र खोदकर उसकी मिट्टी हटा दी, जिसे उन्हें कई बार दोबारा ठीक कराना पड़ा। उनका कहना है कि इससे कब्रगाहों को नुकसान पहुंचने के साथ धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले वे आवारा पशुओं से अपनी फसलों को बचाने के लिए खेतों में निगरानी करते थे, लेकिन अब बाजार और रास्तों पर भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों का दावा है कि कुछ पशु राहगीरों पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ते हैं और पूर्व में भी कस्बे में इनके कारण हादसे हो चुके हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़कर उचित व्यवस्था कराने और कब्रिस्तान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








