Home » बुलंदशहर » शिक्षक पर कक्षा सात के छात्र से बेरहमी से मारपीट का आरोप, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

शिक्षक पर कक्षा सात के छात्र से बेरहमी से मारपीट का आरोप, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

शिकारपुर  : 17 / सितम्बर / 2026 :    शिकारपुर  नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर से एक नाबालिग छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। शम्भूनाथ इंटर कॉलेज में कक्षा सात में पढ़ने वाले छात्र के परिजनों ने विद्यालय के गणित शिक्षक पर बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट करने और गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान छात्र के गुप्तांग पर भी लात मारी गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।

मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी अनिल कुमार पुत्र मनोहर लाल ठेकेदार का पुत्र रितिक शम्भूनाथ इंटर कॉलेज में कक्षा सात का छात्र है। परिजनों के मुताबिक घटना के समय रितिक कक्षा में पढ़ाई कर रहा था और शिक्षक चरण सिंह गणित पढ़ा रहे थे। आरोप है कि पढ़ाया गया विषय समझ में नहीं आने पर छात्र ने स्कूल के ही एक अन्य शिक्षक से इस संबंध में बात कर दी। इसी बात की जानकारी संबंधित शिक्षक को होने के बाद कथित रूप से वह नाराज हो गए और छात्र के साथ मारपीट की।

परिजनों का कहना है कि मारपीट के बाद छात्र को तेज दर्द होने लगा और उसकी हालत बिगड़ गई। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग विद्यालय पहुंचे और बच्चे को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने मामले में सहयोग करने के बजाय शिक्षक का पक्ष लिया और शिकायत करने पर कथित रूप से धमकी दी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए कस्बा इंचार्ज जितेन्द्र कुमार देशवाल को स्कूल और अस्पताल भेजा गया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment