शिकारपुर : 17 / सितम्बर / 2026 : शिकारपुर नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को कथित तौर पर बाहर से दवा खरीदने और निजी पैथोलॉजी से जांच कराने के लिए भेजे जाने के मामले में समाचार प्रकाशित होने के आठ दिन बाद भी स्थिति साफ नहीं हो सकी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच कराए जाने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीएचसी आने वाले कुछ मरीजों को अस्पताल के सामने स्थित मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदने और निजी पैथोलॉजी लैब से जांच कराने के लिए कहा जाता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मामले में पूर्व में एक मरीज ने दावा किया था कि करीब 20 दिनों के उपचार के दौरान उसने हजारों रुपये की दवाएं और जांच बाहर से कराईं। वहीं, प्रकरण से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई थी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं की गई थी।
मामले को लेकर सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने पूर्व में बताया था कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो उनके संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। इसके बावजूद आठ दिन बीत जाने के बाद भी जांच कहां तक पहुंची और उसमें क्या सामने आया, इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तथ्य सामने लाने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित कराने की भी मांग उठाई गई है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










