शिकारपुर : 17 / सितम्बर / 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा कार्यक्रमों के तहत शिकारपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। देशभर में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सेवा गतिविधियों के तहत रक्तदान समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर का शुभारंभ एसडीएम प्रतीक्षा पांडे और नगर पालिका चेयरमैन राजबाला सैनी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान एसडीएम प्रतीक्षा पांडे ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक एवं मानवीय कार्यों में आगे आने की अपील की।

चेयरमैन राजबाला सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
शिविर में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। भाजपा वार्ड सभासद कपिल कुमार आर्य ने सबसे पहले रक्तदान कर शिविर की शुरुआत की। इसके बाद अन्य कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शशि शेखर सिंह और डॉ. आशीष शर्मा की देखरेख में मेडिकल टीम ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद रक्त संग्रह किया।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास गर्ग, मंडल उपाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार गर्ग, राजेन्द्र लोधी, गौतम सूर्यवंशी, रंजीत सैनी, भोला, राकेश बालाजी, आसिफ कुरैशी, सोनिया त्यागी, सुनील, मुकेश वाल्मीकि, गौरव शर्मा और राहुल चौधरी समेत पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिविर के समापन पर रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










