Home » बुलंदशहर » बुलंदशहर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, अनिल शर्मा को दी श्रद्धांजलि , 2027 को लेकर बोले मौर्य- भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर बनाएगी सरकार, सपा पर साधा निशाना

बुलंदशहर पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, अनिल शर्मा को दी श्रद्धांजलि , 2027 को लेकर बोले मौर्य- भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर बनाएगी सरकार, सपा पर साधा निशाना

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बुलंदशहर : 19 / सितम्बर / 2026 :   उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को बुलंदशहर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा के आवास पर पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

श्रद्धांजलि के बाद पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तैयारियों और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव का शंखनाद हो चुका है और भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर प्रदेश में फिर सरकार बनाएगी। 2027 में भाजपा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सपा का प्रदेश में कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है। उन्होंने सपा पर दंगाइयों, माफिया और गुंडों को संरक्षण देने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा बूथ स्तर तक मजबूत संगठन के साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने चुनाव व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि पहले बूथ स्तर पर दबंगई के जरिए चुनाव प्रभावित करने की कोशिशें होती थीं, लेकिन अब चुनाव आयोग की व्यवस्था मजबूत है और निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाते हैं।
AI वीडियो विवाद को लेकर भी डिप्टी सीएम ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की ओर से आपत्तिजनक या भ्रामक AI वीडियो प्रसारित किए जाते हैं तो भाजपा का मीडिया सेल संयमित भाषा में उसका जवाब देगा।

मौर्य ने अखिलेश यादव के PDA को लेकर भी टिप्पणी की और इसे फर्जी बताया। उन्होंने सपा को चुनौती देते हुए कहा कि यदि पार्टी के पास विचारधारा और बूथ स्तर पर मजबूत संगठन है तो वह भाजपा के सामने चुनाव मैदान में आए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में सपा का राजनीतिक प्रभाव और सीमित हो जाएगा।

भाजपा गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गठबंधन को लेकर किसी तरह का भ्रम नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसी को कमजोर करने का काम नहीं किया, बल्कि संगठन और सहयोगियों को मजबूत करने का काम किया है। इस दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment