हाथरस : 21 / सितम्बर / 2026 : हाथरस जनपद में गोवंश संरक्षण व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जिले की 21 गौशालाओं में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण और सुदृढ़ीकरण के कार्य कराए जाएंगे। आज सभी 21 गौशालाओं में प्रस्तावित कार्यों के लिए भूमि पूजन किया गया।
हाथरस में गोवंश संरक्षण और गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर योजना तैयार की है।

जनपद में वर्तमान में कुल 37 गौशालाएं संचालित हैं। इनमें से 21 गौशालाओं की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
इन गौशालाओं में जरूरत के अनुसार वृहद शेड, आइसोलेशन वार्ड, बाउंड्रीवॉल, भूसा गोदाम और केयरटेकर रूम समेत अन्य जरूरी सुविधाओं का निर्माण कराया जाएगा।
निर्माण कार्य पूरे होने के बाद संबंधित गौशालाओं में करीब 500 गोवंश को रखने की अतिरिक्त क्षमता विकसित होगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पूरा पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कार्यों को एक माह के भीतर पूरा कराने और नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि इस पहल से गौशालाओं में गोवंश के लिए बेहतर आश्रय, चारा भंडारण और स्वास्थ्य देखभाल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और जनपद की गोवंश संरक्षण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








