हाथरस : 23 / सितम्बर / 2026 : हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के ऊंचागांव (सुसाइन) स्थित श्री ज्ञान प्रकाश गौतम आर्य इंटर कॉलेज में बुधवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगोली, चित्रकला, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यप्रिय आर्य प्रधान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ जीवन में अनुशासन का भी विशेष महत्व है। अनुशासित विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहते हैं और निरंतर आगे बढ़ते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों में सेवा भाव विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि देश की तरक्की केवल शिक्षा से नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और चरित्र निर्माण से भी जुड़ी है। आने वाली पीढ़ी संस्कारवान और चरित्रवान होगी तो देश भी मजबूत बनेगा। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देने की अपील की।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। चित्रकला के सीनियर वर्ग में कक्षा नौ की शिवानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि जूनियर वर्ग में कक्षा छह की गौरी चौधरी प्रथम रहीं। निबंध लेखन प्रतियोगिता में कक्षा दस के अभिषेक गौतम और भाषण प्रतियोगिता में कक्षा नौ की गुंजन खान ने प्रथम स्थान हासिल किया।

वहीं रंगोली प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में कक्षा दस की सरस्वती, तुलसी और विमलेश की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में कक्षा आठ की नंदिनी, खुशी और रिया की टीम ने पहला स्थान हासिल किया।
मुख्य अतिथि सत्यप्रिय आर्य ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक हरदेव चौधरी, प्रधानाचार्य रमेशचंद्र, राजवीर सिंह, जितेंद्र गौतम, आकाश कुमार, शुभम कौशिक, डॉ. विवेक प्रिय आर्य, प्रवीन कुमार, राहुल खान, बंटी खां, निर्मला और संजना सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










