सादाबाद : 23 / सितम्बर / 2026 : सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला कुशल में आवारा पशुओं से फसल की सुरक्षा के लिए खेत की तारबंदी कर रहे लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि खेत के पास स्थित मकान के स्वामी ने अपने साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।
पीड़ितों के अनुसार, घटना के दौरान बचाव के लिए पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला के साथ अभद्रता की गई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए।
मारपीट में कुलदीप पुत्र जीत सिंह के सिर में लोहे की रॉड लगने से गंभीर चोट आई। वहीं सागर पुत्र जुगेन्द्र सिंह के पैर में फ्रैक्चर होने तथा महीपाल पुत्र विजेन्द्र के पैर व शरीर पर गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचकर तहरीर देने गया, जहां उन्हें बैठाए रखने का आरोप लगाया गया।
परिजनों का कहना है कि घायलों की हालत बिगड़ने के बाद करीब 24 घंटे बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर मामले में कार्रवाई करने में देरी करने तथा उनकी तहरीर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया है।
मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










