Home » गाजियाबाद » 62 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, सामूहिक विवाह में गूंजे मंगलगीत

62 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, सामूहिक विवाह में गूंजे मंगलगीत

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

गाजियाबाद  : 23 / सितम्बर / 2026 :   मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड मुरादनगर परिसर में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विभिन्न वर्गों से संबंधित कुल 62 जोड़ों का विवाह निर्धारित रीति-रिवाज एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया।

हिंदू समुदाय के जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार, फेरे एवं जयमाला के साथ संपन्न कराया गया, जबकि अल्पसंख्यक वर्ग से संबंधित जोड़ों का निकाह धार्मिक परंपराओं के अनुरूप कराया गया। आयोजित समारोह में अनुसूचित जाति वर्ग के 21, अन्य पिछड़ा वर्ग के 16, सामान्य वर्ग के सात तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 18 जोड़े शामिल हुए।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार वैवाहिक जीवन की शुरुआत के लिए सहायता एवं उपहार सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसी क्रम में प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 21 हजार रुपये मूल्य की निर्धारित उपहार सामग्री प्रदान की जाती है।

इसमें वर-वधू के वस्त्र, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट एवं दीवार घड़ी सहित अन्य निर्धारित सामग्री शामिल है। इसके अतिरिक्त योजना के प्रचलित प्रावधानों के अनुसार पात्र कन्या के बैंक खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है।

समारोह के दौरान नवविवाहित जोड़ों को उनके सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं तथा शासन की कल्याणकारी योजना के उद्देश्य एवं पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विधायक मंजू शिवाच, प्रमुख क्षेत्र पंचायत सुचेता सिंह तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को विवाह के अवसर पर आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराना तथा विवाह संबंधी अनावश्यक आर्थिक बोझ को कम करने में सहायता प्रदान करना है।

समारोह में उपस्थित परिजनों एवं अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, नवविवाहित जोड़ों के परिजन एवं बड़ी संख्या में अन्य लोग उपस्थित रहे।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment