Home » बुलंदशहर » अतिक्रमण पर पालिका का सख्त रुख, लाल निशान से तय की सीमा 15 दिन की मोहलत खत्म

अतिक्रमण पर पालिका का सख्त रुख, लाल निशान से तय की सीमा 15 दिन की मोहलत खत्म

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

जहांगीराबाद : 24 / सितम्बर / 2026 :   त्योहारों से पहले नगर के मुख्य बाजारों और मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए दी गई 15 दिन की मोहलत पूरी होने के बाद गुरुवार को पालिका टीम ने प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में लाल निशान लगाकर अतिक्रमण की सीमा तय कर दी।

निशान लगने के बाद दुकानदारों में कार्रवाई को लेकर हलचल बढ़ गई है।
नगर पालिका प्रशासन और व्यापारियों के बीच हुई बैठक में मुख्य मार्गों पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर चर्चा हुई थी। इस दौरान व्यापारियों ने स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए 15 दिन का समय मांगा था।

समय-सीमा पूरी होने के बाद पालिका ने अब कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पालिका अधिकारियों के अनुसार लाल निशान लगाने के बाद दुकानदारों को अपनी दुकान के बाहर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने का अवसर दिया जा रहा है।

लाल निशान के दायरे में आने वाले दुकानों के आगे बढ़ाए गए अस्थायी हिस्से, सामान और अन्य अतिक्रमण कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पालिका प्रशासन मुख्य मार्गों को खाली कराने की तैयारी में है। इससे बाजारों में लोगों की आवाजाही आसान होने के साथ ही जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

अधिशासी अधिकारी ओम गिरी के निर्देश पर पालिका टीम ने प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण की सीमा तय की। उन्होंने कहा कि सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

ईओ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य किसी व्यापारी का नुकसान करना नहीं, बल्कि आवागमन को सुचारु रखना है। पालिका की ओर से नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा। प्रतिदिन सुबह के समय अभियान चलाने की योजना है, ताकि कार्रवाई के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि कोई दुकानदार प्रार्थना पत्र देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए समय मांगता है तो उसे नियमानुसार समय भी दिया जाएगा।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment