खुर्जा : 24 / सितम्बर / 2026 : चोला थाना क्षेत्र के गांव पचौता निवासी किसान परिवार के दो होनहार बेटों ने प्रदेश स्तरीय कुराश प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

गांव निवासी जुगेन्द्र यादव के पुत्र शौर्य यादव, जो जयसिंह इंटर कॉलेज में कक्षा 11 के छात्र हैं, तथा गजेंद्र यादव के पुत्र चिंटू यादव, जो कक्षा 10 में अध्ययनरत हैं, ने 19 से 20 सितंबर तक सहारनपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पॉल जोगियान में आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यार्थी कुराश प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया।

दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के बाद दोनों छात्रों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दोनों खिलाड़ियों के कोच अरुण यादव ने बताया कि शौर्य और चिंटू बेहद मेहनती और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। दोनों की तैयारी गांव पचौता स्थित धर्मपाल अखाड़े में कराई जाती है। इससे पहले भी दोनों खिलाड़ी कई प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।

किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से परिजनों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। दोनों के पिता खेती-किसानी करते हैं। ग्रामीणों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










