सहपऊ : 25 / सितम्बर / 2026 : हाथरस में आयोजित दाऊजी मेले से गुरुवार देर रात लौट रहे युवकों की ईको शुक्रवार तड़के सादाबाद-जलेसर मार्ग पर हादसे का शिकार हो गई। महरारा चौराहे से आगे श्रीराम हॉस्पिटल के पास मोड़ पर तेज रफ्तार ईको अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे से टकरा गई।
टक्कर के बाद वाहन पास के पेड़ से जा भिड़ा। हादसे में एक किशोर समेत 10 युवक घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार नगला मेवा गांव के कुछ युवकों ने गुरुवार शाम हाथरस में चल रहे दाऊजी मेले में जाने का कार्यक्रम बनाया था। इसके लिए गांव की ईको गाड़ी किराए पर ली गई थी।
ईको में 14 वर्षीय अमित उर्फ टैंटा, सनी, अंशु, दीपू, सतेंद्र, रवींद्र, विष्णु, चालक कृष्णा, सहपऊ निवासी यशपाल सहित अन्य युवक सवार थे। सभी मेले में घूमने के बाद देर रात वापस लौट रहे थे।

शुक्रवार तड़के सादाबाद-जलेसर मार्ग पर महरारा चौराहे से आगे श्रीराम हॉस्पिटल के पास मोड़ पर अचानक ईको अनियंत्रित हो गई।
वाहन सड़क किनारे लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा टूट गया और ईको पास के पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में पेड़ भी क्षतिग्रस्त हो गया और ईको बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हादसे में ईको चालक कृष्णा, 14 वर्षीय अमित, यशपाल और करन की हालत गंभीर बताई गई,
जिन्हें बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








