हाथरस : 25 / सितम्बर / 2026 : हाथरस नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 27 स्थित लेबर कॉलोनी के पार्क में जल्द ही स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की उम्मीद है। पार्क में प्रकाश व्यवस्था की मांग को लेकर पूर्व भाजपा सभासद प्रत्याशी पीयूष बब्बू ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर नवायुक्त जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा।

पीयूष बब्बू ने जिलाधिकारी को स्थानीय निवासियों और पार्क में खेलने वाले बच्चों की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पार्क में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम के समय बच्चों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस पर जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई कर पार्क में स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश दिए।
बताया गया कि करीब तीन दिन पहले लेबर कॉलोनी पार्क में खेल रहे मासूम बच्चों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में बच्चे पार्क में स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग करते नजर आए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी अतुल वत्स ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
अब पूर्व भाजपा सभासद प्रत्याशी पीयूष बब्बू द्वारा नवायुक्त जिलाधिकारी के समक्ष दोबारा यह मुद्दा उठाए जाने के बाद पार्क में प्रकाश व्यवस्था होने की उम्मीद जगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइट लगने से शाम के समय पार्क में आने वाले बच्चों और लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








