बुलंदशहर : 1 / अक्टूबर / 2026 : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश के गठन, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स की स्थापना और इलाहाबाद उच्च न्यायालय की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने की मांग को लेकर शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट द्वारा बुलंदशहर के काला आम चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम जिलाधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा।
शिवसेना के जिला अध्यक्ष सर्वेश राणा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश देश का महत्वपूर्ण कृषि, औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक क्षेत्र है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, शामली, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, अलीगढ़, आगरा और मथुरा सहित कई जिलों का आर्थिक एवं सामाजिक महत्व है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक आवश्यकताओं, न्याय की सुगम पहुंच और संतुलित विकास को देखते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य के रूप में गठित करने की मांग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बड़ी आबादी को देखते हुए क्षेत्र में एम्स की स्थापना की आवश्यकता है। इसके अलावा इलाहाबाद उच्च न्यायालय तक पहुंचने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे वादकारियों और अधिवक्ताओं पर समय एवं आर्थिक भार पड़ता है।
इसी को देखते हुए क्षेत्र में उच्च न्यायालय की स्थायी खंडपीठ स्थापित किए जाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है।शिवसेना नेताओं ने कहा कि इन्हीं मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय पर सौंपा गया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।









