अगौता : 15 / अक्टूबर / 2026 : उत्तर प्रदेश पुलिस के मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत थाना अगौता पुलिस ने सनराइज ग्लोबल स्कूल, मानपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं, महिलाओं और आमजन को साइबर ठगी से बचाव, महिला सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक संजेश कुमार के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। पुलिस टीम ने बताया कि डिजिटल दौर में इंटरनेट और स्मार्टफोन का उपयोग बढ़ने के साथ साइबर ठगी के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे में किसी के साथ ओटीपी, एटीएम पिन और पासवर्ड साझा न करें। अनजान लिंक, लॉटरी के लालच और संदिग्ध एपीके फाइलों पर क्लिक करने से बचें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी, फोटो और बैंक संबंधी विवरण साझा करने में भी सावधानी बरतें।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी से रहें सावधान
पुलिस टीम ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के प्रति भी जागरूक किया। बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति वीडियो कॉल पर खुद को पुलिस या सीबीआई अधिकारी बताकर डराता है और रुपये की मांग करता है, तो घबराएं नहीं। ऐसे मामलों में पैसे न दें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
कार्यक्रम में पुलिस ने आपातकालीन सहायता के लिए 112, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के लिए 1930, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में जानकारी दी।
पुलिस टीम ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। टीम ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता से साइबर अपराधों से बचाव किया जा सकता है तथा महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सकता है।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।








