Home » मनोरंजन » दिवाली से पहले खुर्जा में पनीर फैक्ट्रियों पर बड़ा छापा, चार जिलों की टीम ने की संयुक्त कार्रवाई

दिवाली से पहले खुर्जा में पनीर फैक्ट्रियों पर बड़ा छापा, चार जिलों की टीम ने की संयुक्त कार्रवाई

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]
दो फैक्ट्रियों में मिलीं अनियमितताएं, लाइसेंस निरस्त होने के बावजूद चल रहा था कारोबार

 

बुलंदशहर /  खुर्जा  : 6 / नवंबर / 2026 :  दिवाली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य विभाग ने खुर्जा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। चार जिलों मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद और हापुड़ की खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने खुर्जा स्थित दो पनीर फैक्ट्रियों पर छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से फैक्ट्री संचालकों में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से भारी मात्रा में पनीर, मावा, रिफाइंड और पाउडर बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, खुर्जा क्षेत्र के गांव डाबर में फिरोज और इमामुद्दीन के पनीर प्लांटों पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान एक फैक्ट्री ऐसी मिली, जिसका लाइसेंस करीब दो साल पहले निरस्त हो चुका था, इसके बावजूद फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। वहीं दूसरी फैक्ट्री में पूर्व में लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई होने के बाद भाई के नाम पर कारोबार शुरू किए जाने की बात सामने आई है।

संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान दोनों फैक्ट्रियों से करीब 10 कुंतल पनीर, 200 किलो मावा, 175 टीन रिफाइंड और 38 बोरी पाउडर बरामद किया गया। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और फैक्ट्रियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की।

इस कार्रवाई में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। छापेमारी से पहले बुलंदशहर खाद्य विभाग की स्थानीय टीम को कार्रवाई की भनक तक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि चार जिलों की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। वहीं बुलंदशहर की खाद्य सुरक्षा टीम के देरी से पहुंचने पर अपर आयुक्त खाद्य विभाग मेरठ मंडल विनीत कुमार ने नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दिवाली जैसे बड़े त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री में इस तरह की अनियमितताएं सामने आने से खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि विभाग जांच के बाद फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment