Home » बुलंदशहर » अवैध लकड़ी पकड़ने गई वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला, वन दरोगा समेत तीन कर्मचारी घायल

अवैध लकड़ी पकड़ने गई वन विभाग की टीम पर जानलेवा हमला, वन दरोगा समेत तीन कर्मचारी घायल

Share This Article

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]
ग्रामीणों की भीड़ ने टीम को घेरकर की मारपीट, वर्दी फाड़ी, सिर पर किए वार, डायल 112 पुलिस टीम से भी अभद्रता

खुर्जा / बुलंदशहर : 6 / नवंबर / 2026 :   जनपद के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में अवैध लकड़ी के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। हमले में एक वन दरोगा सहित तीन वनकर्मी घायल हो गए।

आरोप है कि हमलावरों ने वन विभाग के कर्मचारियों को घेरकर उनके साथ जमकर मारपीट की और वर्दी तक फाड़ दी। कर्मचारियों के सिर पर भी प्रहार किए गए। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम के साथ भी अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया।

वन क्षेत्राधिकारी अरनियां रेंज आदित्य सिंह के अनुसार घटना पांच नवंबर 2026 की है। ग्राम यूसुफपुर मलगोसा, थाना खुर्जा देहात क्षेत्र में प्रतिबंधित प्रजाति पीपल एवं नीम की लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। छापेमारी के दौरान टीम को लकड़ी से लदा एक वाहन मिला, जिसे कर्मचारियों ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया।

इसी दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। आरोप है कि भीड़ ने वन विभाग की टीम को चारों तरफ से घेर लिया और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए कर्मचारियों के साथ अभद्रता एवं मारपीट शुरू कर दी। हमले में एक वन दरोगा और दो कैजुअल वॉचर घायल हो गए। हमलावरों ने कर्मचारियों की वर्दी फाड़ दी और उनके सिर पर भी वार किए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम के साथ भी आरोपियों द्वारा अभद्रता की गई।

वन विभाग का कहना है कि विषम परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारियों ने संयम बनाए रखा और अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए अवैध लकड़ी से लदे वाहन को सफलतापूर्वक जब्त कर लिया। विभाग ने वाहन और लकड़ी को कब्जे में लेकर वन अधिनियम के तहत वन अपराध दर्ज किया है। वहीं खुर्जा देहात थाने में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।

वन क्षेत्राधिकारी आदित्य सिंह ने बताया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित स्तर पर बातचीत की गई है। वन विभाग की टीम पर हुए हमले को लेकर विभागीय कर्मचारियों में नाराजगी है। सरकारी कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Loading

krjnews
Author: krjnews

KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।

Leave a Comment