अस्पताल पहुंचे SSP दिनेश कुमार सिंह, घायल युवती का जाना हाल; ASP ने दी घटना की जानकारी
बुलन्दशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के स्वास्तिक डायग्नोस्टिक सेंटर में युवती पर चाकू से हमला करने की घटना सामने आई है। आरोपी ने युवती के हाथ, पैर, चेहरे और गर्दन पर कई वार किए। बचाव में आए लोगों को भी जान से मारने की धमकी दी। गंभीर रूप से घायल युवती को जटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना के बाद आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गया था। सूचना पर भारी पुलिस बल के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस ने सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी अरशद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी और युवती एक ही लैब में काम करते थे। युवती द्वारा प्रेम प्रस्ताव ठुकराने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजय ने बताया कि युवक और युवती दोनों एक ही लैब में काम करते थे। आरोपी अरशद को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवती का उपचार चल रहा है और उसकी हालत सामान्य है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल युवती से मुलाकात कर उसका हाल जाना और चिकित्सकों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, मौके पर पहुंचे हिंदू संगठनों के लोगों ने घटना को लव जिहाद से जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। सुनील सोलंकी व गोलू राजपूत ने आरोप लगाया कि युवक युवती को परेशान कर रहा था और प्रेम प्रस्ताव स्वीकार नहीं करने पर उसने हमला किया।
![]()
Author: krjnews
KRJ News एक विश्वसनीय हिंदी डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है, जिसका उद्देश्य पाठकों तक तेज़, निष्पक्ष और तथ्यपरक समाचार पहुँचाना है।










